उप्र : जितिन प्रसाद के भाई-भाभी भाजपा में शामिल

लखनऊ , 3 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) में नेताओं के शामिल होने का सिलसिला जारी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के चचेरे भाई जयेश प्रसाद और भाभी नीलिमा गुरुवार देर रात अपने हजारों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने जयेश प्रसाद और उनकी पत्नी नीलिमा को लखनऊ मुख्यालय में रात 11 बजे पार्टी की सदस्यता दिलाई।

जयेश प्रसाद शाहजहांपुर स्थानीय निकाय से दो बार एमएलसी रहे हैं। नीलिमा प्रसाद ने अपने हजारों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा में शामिल होने के बाद जयेश ने कहा, “मंत्री सुरेश खन्ना के कहने पर वह पार्टी में शामिल हुए हैं। सुरेश खन्ना का मार्गदर्शन हमेशा ही मिलता रहा है। अब पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे।”

गौरतलब है कि जयेश प्रसाद के चाचा जितेन्द्र प्रसाद शाहजहांपुर से 1971, 1980, 1984, 1999 में लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के राजनीतिक सलाहकार भी रहे।

जयेश प्रसाद के साथ कई ब्लॉक प्रमुख सुमन वर्मा, विश्व विजय सिंह, राकेश यादव, उत्तर प्रदेश व्यापार मण्डल के प्रदेश उपाध्यक्ष किशोर गुप्ता एवं प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री रूपराम दिनकर सहित सैंकड़ों ग्राम प्रधानों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493