उप्र : नेत्रहीन किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, महिला सहित 4 गिरफ्तार

बांदा, 28 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की नेत्रहीन किशोरी को अगवा कर उसके साथ तीन दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को मामले में आरोपी एक महिला सहित चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया।

शहर कोतवाल के.पी. सिंह ने बताया, “कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली सत्रह साल की लड़की को पांच लोगों ने एक महिला के सहयोग से 25 जनवरी की दोपहर अगवा कर बंथरी गांव ले गए और वहां तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। शुक्रवार को पुलिस दबाव बढ़ने पर आरोपी उसे बांदा शहर लाकर एक रिक्शे में बैठाकर गायब हो गए।”

उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर शनिवार को घटना में सहयोगी रही महिला छंगी के अलावा आरोपी चौधरी ठेकेदार, जीतू और बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार रामधनी की तलाश की जा रही है।

कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार महिला किशोरी को शादी का झांसा देकर उसे उसके घर से ले गई थी और बाद में बाईपास के समीप आरोपियों के हवाले कर दिया था। पुलिस ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा में पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है, जिसमें दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493