उप्र पंचायत चुनाव : 68 हजार वार्ड के नतीजे घोषित, मतगणना जारी

लखनऊ, 2 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए हुए मतदान की मतगणना सोमवार को भी जारी है। सुबह 9 बजे तक क्षेत्र पंचायत के 77,576 पदों में से 67,754 वार्ड के नतीजे घोषित किए गए। वहीं जिला पंचायत सदस्यों के 3,112 पदों में से अब तक 212 के नतीजे सामने आए हैं। जिला पंचायत के 18 सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सतीश अग्रवाल के अनुसार, चुनाव परिणाम आयोग की वेबसाइट पर लगातार अपलोड किए जा रहे हैं। साथ ही विजयी प्रत्याशियों के मोबाइल पर एसएमएस भेजकर भी जानकारी दी जा रही है।

गौरतलब है कि जिला पंचायत सदस्यों के कुल 3,112 पदों और क्षेत्र पंचायत के 77,576 पदों के लिए उत्तर प्रदेश में चार चरणों में मतदान हुए थे। रविवार सुबह आठ बजे से प्रदेश के 819 ब्लॉक में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती की जा रही है।

मतगणना में कई मंत्रियों व दिग्गजों को अपने ही क्षेत्रों में मुंह की खानी पड़ी है। करीब दो दर्जन मंत्रियों ने अपने परिजनों को चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि अधिकांश विधायकों और मंत्रियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए निर्विरोध निर्वाचन करा लिया, लेकिन जिला पंचायत में उन्हें विरोधियों से कड़ी टक्कर मिली।

अवध क्षेत्र में कारागार मंत्री रामपाल राजवंशी की दोनों बेटियां क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव हार गई हैं। कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद की पत्नी व बेटे देर रात फैजाबाद में जिला पंचायत सदस्य की सीटों पर पीछे चल रहे थे।

राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 9 बजे तक सहारनपुर, बुलंदशहर, बरेली, रामपुर, बदायूं, आगरा, फिरोजाबाद, औरैया और महोबा समेत कई जिलों में क्षेत्र पंचायत के सदस्यों की मतगणना लगभग पूरी हो चुकी थी।

आयोग को उम्मीद है कि पूरे प्रदेश की मतगणना सोमवार दोपहर तक पूरी हो जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493