उप्र : पहली ‘इन्वेस्टर समिट’ में 50 हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य

लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद पहली बार फरवरी में सरकार की तरफ से ‘इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन किया जा रहा है। सरकार ने इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने की तैयारी की है। इस सम्मेलन के माध्यम से उप्र में 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।

उप्र में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव अरुण कुमार सिन्हा ने आईएएनएस के बातचीत के दौरान इसकी जानकारी दी। सिन्हा ने कहा कि अगले वर्ष 21 व 22 फरवरी को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इस सम्मेलन का अयोजन किया जाएगा।

सिन्हा ने कहा, “इस सम्मेलन में 50 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है। दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट कई सत्रों में विभाजित होगा।”

सरकार ने इस बड़े आयोजन में प्रधानमंत्री मोदी को भी बुलाने की योजना बनाई है। इनके अलावा नेपाल एवं मॉरीशस के प्रधानमंत्री को भी न्योता भेजा जाएगा।

सिन्हा ने बताया, “हमारी कोशिश इस इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से निवेश का माहौल तय करना है। इसी उद्देश्य से इसे आयोजित किया जा रहा है। इस समिट में जापान, कोरिया, ताइवान, अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, चेक गणराज्य, संयुक्त अरब अमीरात, फिनलैंड एवं मॉरीशस से प्रतिनिधियों के सम्मेलन में शिरकत करने की संभावना है।”

लखनऊ में आयोजित होने वाली इन्वेस्टर्स समिट में मुख्यतौर पर नौ क्षेत्रों में ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं विनिर्माण, आईटी, सूक्ष्म, लघु एवं मघ्यम उद्योग एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा पर्यटन, डेयरी, नागरिक उड्डयन पर भी इस समिट में विशेष तौर से फोकस किया जाएगा।

राज्य सरकार इस समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा 2000 से अधिक आद्योगिक घरानों को भी न्योता भेजने की तैयारी की है। इसमें देश के लगभग 15 अग्रणी उद्योगपति भी शामिल होंगे।

सिन्हा ने हालांकि यह भी दावा किया कि इन्वेस्टर्स समिट के बाद अगली बार राज्य सरकार की तरफ से एक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन पर भी विचार किया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493