भोपाल, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश मे पुरा-संपदा की सुरक्षा एवं रख-रखाव के प्रति आमजन में जागरूकता लाने के मकसद से 19 नवंबर से ‘विश्व धरोहर सप्ताह’ मनाया जाएगा।
पुरातत्व विभाग के आयुक्त अनुपम राजन ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश में स्थित संग्रहालयों में छायाचित्र प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी दरम्यान भोपाल स्थित राज्य संग्रहालय में भी राज्यस्तरीय छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
राजन ने आगे बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह में 19 से 25 नवंबर की अवधि में प्रदेश के अन्य संग्रहालयों में विविध कार्यक्रम किए जाएंगे। इसी क्रम में प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
राजन के मुताबिक, विभिन्न स्थानों पर लगने वाली छायाचित्र प्रदर्शनी के लिए अलग-अलग विषयों का चयन किया गया है। जबलपुर में भारतीय चित्रकला में रामकथा, रामवन (सतना) में ‘बौद्ध स्मारक’, दमोह में ‘शिव के अद्भुत श्रंगार’, सागर में शिवलिंग, पन्ना में ‘नंदी प्रतिमाएं’, राजगढ़ में भीम-बैठका के ‘शैलचित्र’, इंदौर में विदेशी संग्रहालयों में शैव प्रतिमाएं, मंदसौर में ‘मप्र की कोठियां’, उज्जैन में विश्व धरोहर स्मारक एवं ग्वालियर में ‘गौरी पुत्र गणेश’ विषय पर छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
dharmpath.com dharmpath