बिहार : अररिया संसदीय सीट को लेकर राजद-कांग्रेस आमने-सामने

पटना, 16 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के अररिया से सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन के निधन के बाद खाली हुई इस सीट को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। पंजाब और मध्य प्रदेश में हुए उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस ने अररिया संसदीय सीट पर अपना दावा ठोक दिया है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने यहां गुरुवार को अररिया सीट पर दावा ठोकते हुए कहा, “कांग्रेस बड़ी और राष्ट्रीय पार्टी है। मुझे लगता है कि अररिया लोकसभा सीट पर कांग्रेस को लड़ना चाहिए, क्योंकि यह अल्पसंख्यक बहुल सीट है।”

उन्होंने आगे कहा, “वर्तमान में जो राष्ट्रीय स्तर पर स्थिति बनी है, उसमें यह सीट कांग्रेस की बनती है। मुझे लगता है कि गठबंधन में ये सीट मिलती है तो कांग्रेस यहां से जीत दर्ज करेगी।”

इधर, चौधरी के बयान के आने के बाद राजद ने भी कांग्रेस के दावे को खारिज करने में तनिक भी देर नहीं की।

राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि अररिया सीट राजद की परंपरागत सीट है। तस्लीमुद्दीन भी राजद के ही सांसद थे। ऐसे में राजद द्वारा यह सीट छोड़ने का प्रश्न ही नहीं उठता।

उल्लेखनीय है कि राजद सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन का 17 सितंबर को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद यह सीट खाली हुई है। इस सीट पर उपचुनाव संभावित है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493