उप्र : पुलिस के रवैए से क्षुब्ध किशोरी ने आत्मदाह किया

बांदा, 5 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में दो युवकों द्वारा एक किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की शिकायत के बाद पुलिस ने उलटे पीड़िता के परिजनों को ही हिरासत में ले लिया, जिससे क्षुब्ध होकर पीड़ित किशोरी ने खुद को आग लगाकर जान दे दी।

यह घटना बदौसा थाना क्षेत्र के कुल्लूखेड़ा गांव की है। जान देने वाली किशोरी के चाचा सुघर सिंह ने बताया, “शनिवार शाम गांव की 17 साल की उसकी भतीजी घर से बाहर शौच के लिए गई थी। रास्ते में गांव के दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। लड़की किसी तरह बचकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने आरोपियों के घर जाकर इसकी शिकायत की।”

उन्होंने बताया कि जब पुलिस को फोन कर सूचित किया गया तो पुलिस आरोपियों के बजाय लड़की के पिता और अन्य परिजनों को उठा ले गई। उन्हें 24 घंटों तक हाजत में बंद रखा गया। इस घटना से क्षुब्ध लड़की ने आत्मदाह कर लिया।

लड़की की आत्महत्या के बाद पुलिस ने रविवार देर शाम आरोपी युवक अजय और माधव को पकड़कर ले गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह का कहना है, “दो परिवारों के बीच झगड़े का मामला था, इसलिए पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया था। आगे की जांच चल रही है।”

हालांकि पुलिस अधीक्षक शालिनी ने सोमवार को बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493