उप्र : पुलिस ने ़प्रदर्शनकारी महिलाओं को हिरासत में लिया, 3 घंटे बाद छोड़ा

बांदा, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिला मुख्यालय में एक गुमशुदा दलित युवक की बरामदगी की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर प्रदर्शन कर रहीं नारी इंसाफ सेना से जुड़ी 70 महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। करीब तीन घंटे बाद उन्हें रिहा किया गया।

जिले के अतर्रा थाने के दिखितवारा गांव के दलित युवक सुरेश को हमीरपुर जिले का एक तांत्रिक एक साल पूर्व तंत्र विद्या सिखाने के बहाने ले गया था। तब से वह गायब है। बरामदगी की मांग को लेकर उसका पूरा परिवार बीते चार सितम्बर से ऐतिहासिक अशोक लॉट तिराहे पर भूख हड़ताल कर रहा है।

इस परिवार के समर्थन और गायब युवक की बरामदगी को लेकर नारी इंसाफ सेना (एनआईएस) की प्रमुख वर्षा भारतीय की अगुआई में करीब 70 महिलाएं डंडा और झंडा लेकर शुक्रवार दोपहर जैसे ही अशोक लॉट तिराहे पहुंचीं, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। करीब तीन घंटे के बाद सभी महिलाओं को रिहा किया गया।

नारी इंसाफ सेना की प्रमुख वर्षा भारतीय ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि ‘महिलाएं युवक की बरामदगी की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से जिलाधिकारी को ज्ञापन देना चाह रही थीं, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया।’

उन्होंने महिला पुलिस पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि ‘पुलिस ने महिलाओं को करीब तीन घंटे तक पानी पीने और लघुशंका के लिए भी नहीं जाने दिया।’

उधर, पुलिस का कहना है कि महिलाएं लाठी-डंडों से लैस होकर जिलाधिकारी कार्यलय की ओर बढ़ रही थीं। कानून व्यवस्था में गड़बड़ी न हो, इसलिए जिलाधिकारी के मौखिक आदेश पर उन्हें रोका गया था और बाद में बिना मुचलके के रिहा भी कर दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493