सूर्यास्त के बाद समुद्र में जाने पर रोक संबंधी कानून जरूरी : गोवा पर्यटन मंत्री

पणजी, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के एक संस्थान के दो विद्यार्थियों के समुद्र में डूबने के एक दिन बाद गोवा के पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर ने शुक्रवार को कहा कि इस मामले में विद्यार्थियों के साथ गए शिक्षकों से पूछताछ की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सूर्यास्त के बाद तट पर जाने वालों को समुद्र में जाने से रोकने के लिए कानून बनाया जाना चाहिए।

अजगांवकर ने शुक्रवार को आईएएनएस से बातचीत में दोनों छात्रों के डूबने को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया।

उन्होंने साथ ही सवाल उठाया कि विद्यार्थियों को रात के समय समुद्र तट पर और समुद्र में जाने कैसे दिया गया।

उन्होंने कहा, “ऐसी यात्राओं के दौरान छात्रों के साथ शिक्षक और गार्जियन होते हैं। इस बात की जांच की जानी चाहिए कि वे समुद्र तट पर इतनी देर तक क्यों थे और उन्हें समुद्र में क्यों जाने दिया गया। शिक्षकों से इस बारे में पूछताछ की जानी चाहिए।”

अहमदाबाद के मुद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिकेशन के दो विद्यार्थी गुरुवार तड़के तीन बजे लोकप्रिय समुद्र तट कैंडोलिम गए थे, जहां वे समुद्र में डूब गए।

मृतकों की पहचान चेन्नई की अनुजा सुजान और आंध्र प्रदेश के गुर्रम चेंचू सांई के रूप में की गई है। वे 47 छात्रों के समूह में एक अध्ययन टूर पर गोवा गए थे।

अजगांवकर ने कहा, “सूर्यास्त के बाद समुद्र में जाने के मामले पर ध्यान दिया जाना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493