उप्र : प्रेमी जोड़े की हत्या, ऑनर किलिंग का मामला

जानकारी के मुताबिक, जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र के नौगांवा रायतासी के प्रधान राजेश्वर सिंह की बेटी ज्योति सिंह का श्याम यादव नामक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों कुछ साल पहले रानीगंज अमहट में मिले थे। उस समय ज्योति सिंह वहां रह कर पढ़ाई करती थी।

स्कूल आने-जाने के दौरान पड़ोस में रहने वाले श्याम यादव से मुलाकात हुई। फिर, दोनों में बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन, ज्योति का परिवार बाद में गांव में शिफ्ट हो गया। लड़की के पिता राजेश्वर सिंह गांव के प्रधान चुन लिए गए।

जानकारी होने पर उन्होंने बेटी की शादी तय कर दी थी। लेकिन, इस बीच ज्योति से मिलने के लिए उसका प्रेमी शहर से गांव पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों को ग्रामीणों ने आपत्तिजनक हालत में देख लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

अगले महीने ही ज्योति की शादी होने वाली थी। भीड़ ने लड़के की स्कूटी को भी तोड़ डाला है।

लड़की के पिता राजेश्वर सिंह का कहना है कि श्याम यादव उनके गांव पहुंचा था। उन्होंने श्याम पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने बेटी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद गुस्साए लोग श्याम को पकड़कर पीटने लगे। चोट की वजह से उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई राम बहादुर यादव ने इसे जानबूझकर की गई हत्या बताया है। उन्होंने कहा कि लड़की के घरवालों ने श्याम को फोन कर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। राम बहादुर ने लड़की के पिता पर गंभीर आरोप लगाया है।

शहर के सीओ मुकेश मिश्रा ने कहा, “तहरीर मिल गई है, मामला दर्ज किया जाएगा। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वारदात को अंजाम किसने और कैसे दिया, यह जांच का विषय है। इस बारे में अभी कुछ भी बोलना जल्दबाजी होगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493