उप्र : बारिश से 9 लोगों की मौत, भारी बारिश की चेतावनी (लीड-1)

लखनऊ , 14 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से बीते 24 घंटों के दौरान नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 184 मकानों को नुकसान पहुंचा है।

राहत आयुक्त संजय कुमार के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान बस्ती में तीन, कन्नौज और सीतापुर में दो-दो और सोनभद्र व बिजनौर में एक-एक मौतें हुई हैं। प्रदेश में 184 मकानों व झोपड़ियों को नुकसान पहुंचा है। कानपुर देहात में अकेले 106 मकानों व झोपड़ियों को नुकसान पहुंचा है।

संजय कुमार के मुताबिक, आपदा प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

उन्होंने बताया, “लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और अयोध्या सहित प्रमुख स्थानों पर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, लेकिन किसी भी जिले से बंधों व तटबंधों से रिसाव की सूचना नहीं है।”

इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

सोमवार को लखनऊ में सर्वाधिक 66.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सुबह बूंदाबांदी और दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ सिस व ट्रांस गोमती इलाके में मूसलाधार बारिश हुई।

सुल्तानपुर में 37.3 मिलीमीटर, कानपुर में 38 मिलीमीटर, बलिया में 25.2 मिलीमीटर, बस्ती में 19.3 मिमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बहराइच, फुरसतगंज, इटावा, खीरी, शाहजहांपुर, नजीबाबाद व हमीरपुर में 10 मिलीमीटर से कम बारिश दर्ज की गई।

बादल छाए रहने और बारिश की वजह से प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रिकॉर्ड किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493