उप्र : बुंदेलखंड में 2 महिलाओं से दुष्कर्म

लखनऊ, 10 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड के चित्रकूट एवं हमीरपुर जिले की एक-एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने यह जानकारी गुरुवार को दी।

दो अलग-अलग घटनाओं में बुधवार को चित्रकूट व हमीरपुर जिले में मवेशियों के लिए चारा काटने गईं महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले दर्ज किए गए।

चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के कलवारा बुजुर्ग गांव में बुधवार को मवेशियों के लिए खेत में चारा काटने गई 35 साल की एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया, जबकि इसी दिन हमीरपुर जिले के जलालपुर थानाक्षेत्र के गांव हरसुंडी में भी चारा काट रही 25 साल की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

चित्रकूट के पहाड़ी थाना के थानाध्यक्ष मनीष जाट ने बताया, “कलवारा बुजुर्ग गांव की रहने वाली महिला की शिकायत पर गांव के खुन्नी यादव (35) के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है।”

उधर, हमीरपुर जिले के जलालपुर थाना के थानाध्यक्ष संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया, “हरसुंडी गांव की युवती खेत में चारा काटने गई थी, जहां पहले से मौजूद दिन्नू उर्फ दिनेश यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।”

दोनों घटनाओं में पुलिस ने पीड़िताओं को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493