वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश ने बताया, “रविवार रात सूचना मिली कि जरीफनगर थाना क्षेत्र के मलिकपुर बिचोला पट्टी गांव में रामबहादुर सहित अन्य लोगों ने एक युवती को बंधक बना कर रखा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर छापा मार कर 22 वर्षीय युवती निवासी चरखी दादरी थाना दादरी हरियाणा मूल निवासी देवधर, झारखंड को बरामद कर लिया।”
बरामद युवती ने बताया, “हरिद्वार में हसीना नामक महिला उसे मिली, जिसे वह पहले से जानती थी। वहां पर हसीना के साथ नन्हें व भूरे मिले और उसे ग्राम बिचौला ले आए, जहां उसे रामबहादुर को 42,000 रुपये में बेच दिया।”
एसएसपी ने बताया, “महिला की तहरीर पर थाना जरीफनगर में जरीफनगर निवासी भूरा, रामबहादुर, चरन सिंह, इंद्रपाल, झारखंड निवासी नन्हें, कलावती व हसीना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्ता हसीना को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि मानव तस्करी के इस गंभीर मामले की जांच मानव तस्करी रोधी इकाई की टीम को सौंप दी गई है। शीघ्र ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां की जाएंगी।
dharmpath.com dharmpath