हादसा उस समय हुआ, जब टेंडरहार्ट इंग्लिश स्कूल की मिनी बस एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर मंडुआडीह-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन टकराने के बाद स्कूली बच्चों से भरी मिनी बस के परखचे उड़ गए।
घायल बच्चों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। हादसे के समय बस में 19 बच्चे सवार थे। आक्रोशित लोगों ने बस में आग लगा दी है। घटनास्थल पर पुलिस की टीम तैनात की गई है।
यह हादसा वाराणसी-इलाहबाद रेलवे खंड के अंतर्गत आने वाले भदोही के कैयरमऊ मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। इस रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ने ठेके पर गैंगमैन की ड्यूटी लगाई हुई है।
बताया जा रहा है कि गैंगमैन ने बस के चालक को रुकने का इशारा भी किया था, पर उसने ध्यान नहीं दिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को वाराणसी के बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के सर सुंदर लाल अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
पैसेंजर ट्रेन की भिड़ंत की सूचना पर डीआरएम सहित अन्य अफसर घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने हादसे की जांच का आदेश दिया है।
वाराणसी में डीआरएम (पूर्वोत्तर रेलवे) एस.के. कश्यप ने बताया कि रेलवे के तीन वरिष्ठ अधिकारी जांच करेंगे, जेए ग्रेड की जांच होगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे के अफसरों को बताया कि मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर रेल मित्र ने स्कूल बस के चालक को बस रोकने का संकेत दिया था, लेकिन वह इतनी जल्दी में था कि बात अनसुनी कर दी। लापरवाही के कारण उसकी भी मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath