सीवान, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में सीवान जिले के बड़हरिया से जनता दल युनाइटेड (जद-यू) के विधायक श्याम बहादुर सिंह पर दो स्थानीय चिकित्सकों ने मारपीट करने तथा 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सोमवार को पंचरुखी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, सीवान के चिकित्सक डॉक्टर विक्रम सिंह चौहान और डॉक्टर नवल किशोर पांडेय ने बड़हरिया के विधायक पर 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए एक प्राथमिकी पंचरुखी थाना में दर्ज कराई है।
आरोप लगाया गया है कि दोनों चिकित्सक पंचरुखी में एक जमीन के टुकड़े की माप करा रहे थे, तभी विधायक अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचे, मारपीट की तथा 20 लाख रुपये की मांग की।
सीवान के सहायक पुलिस अधीक्षक ए. के. गुप्ता ने सोमवार को बताया कि चिकित्सकों के लिखित बयान के आधर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
विधायक इन सभी आरोपों को सिरे से नकार रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति साजिश के तहत ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं।
राज्य के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने विधायक पर लगे आरोप के बारे में पूछे जाने पर कहा कि किसी नेता या विधायक ने कुछ गलत किया है तो उस पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। संबंधित व्यक्ति चाहे उनकी पार्टी का हो या सत्ताधारी महागठबंधन के किसी और दल का, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath