लखनऊ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्म जितनी अच्छी चलती है, मनोरंजन कर विभाग को वसूली का मौका उतना ही ज्यादा होता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बॉलीवुड पर कुछ इस कदर मेहरबान हैं कि राज्य के मनोरंजन कर विभाग की कमर ही टूटने लगी है।
लखनऊ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्म जितनी अच्छी चलती है, मनोरंजन कर विभाग को वसूली का मौका उतना ही ज्यादा होता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बॉलीवुड पर कुछ इस कदर मेहरबान हैं कि राज्य के मनोरंजन कर विभाग की कमर ही टूटने लगी है।
विभाग के अधिकारियों की मानें तो कई फिल्मों के टैक्स फ्री होने से मनोरंजन कर विभाग को करोड़ों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है।
प्रदेश को राजस्व देने में दूसरे नंबर पर रहने वाले मनोरंजन कर विभाग को अब अपना लक्ष्य पूरा करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री के कई फिल्मों को टैक्स फ्री करने के आदेश के बाद विभाग को राजस्व लक्ष्य हासिल करने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष और पिछले वित्तीय वर्ष में कई बड़ी फिल्मों को टैक्स फ्री किया है। मनोरंजन कर विभाग के एक अधिकारी ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया, “सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ के अलावा हाल ही में आई विद्या बालन और इमरान हाशमी की ‘हमारी अधूरी कहानी’, रिकॉर्डतोड़ कारोबार करने वाली आमिर खान की फिल्म ‘पीके’ को टैक्स फ्री करने से यूपी मनोरंजन कर विभाग को करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।”
अधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व अर्जुन कपूर की ‘तेवर’, माधुरी दीक्षित की ‘डेढ़ इश्किया’, प्रियंका चोपड़ा की ‘मैरीकॉम’, और रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी’ फिल्मों ने भी जमकर कमाई की, लेकिन टैक्स फ्री होने के चलते विभाग को करीब 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
ज्ञात हो कि मंगलवार को भी मुख्यमंत्री ने दो फिल्मों- मिस ‘टनकपुर हाजिर हो’ और ‘इश्क के परिंदे’ को भी टैक्स फ्री करने पर अपनी मुहर लगाई है।
गौरतलब है कि पिछले साल मनोरंजन कर विभाग ने टैक्स के जरिये 41 करोड़ रुपये हासिल करने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन विभाग पिछले साल बतौर टैक्स 38.92 करोड़ रुपये ही वसूल सका था। इस साल विभाग ने 50 करोड़ रुपये का लक्ष्य तय किया था, लेकिन मुख्यमंत्री के फैसले मनोरंजन कर विभाग पर भारी पड़ रहे हैं।
इसी तरह फिल्म ‘तेवर’ और ‘डेढ़ इश्किया’ को भी यूपी में फिल्माए जाने के चलते टैक्स फ्री किया गया। वहीं, महिला सशक्तीकरण का प्रतीक बताकर समाज को सीख देने वाली फिल्म ‘मैरीकॉम’ और ‘मर्दानी’ को टैक्स फ्री किया गया था।
dharmpath.com dharmpath