नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि वह ललित मोदी विवाद पर चर्चा के लिए तैयार है, मगर विपक्ष चर्चा से भाग रहा है।
संसद भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अगर विपक्ष व्यापमं घोटाले पर चर्चा करना चाहती है, तो उसे अन्य राज्यों से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत के लिए सहमत होना चाहिए।
प्रसाद ने कहा, “कांग्रेस को पता ही नहीं कि वह चाहती क्या है। वे चर्चा से भाग रह हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि अगर चर्चा होगी, तो वे बेनकाब हो जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस व अन्य पार्टियां मंगलवार सुबह में चर्चा चाहती थीं। मगर भोजनावकाश के बाद वे सुषमा स्वराज के इस्तीफे की मांग करने लगे।
मध्य प्रदेश में व्यापमं (व्यावसायिक परीक्षा मंडल) घोटाले पर विपक्ष का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह आम सहमति है कि राज्य के मुद्दों पर संसद में चर्चा न हो।
उन्होंने कहा, “व्यापमं पर चर्चा के बारे में सहमति है कि अन्य राज्यों के मुद्दों को भी उठाया जाए।”
प्रसाद ने कहा कि अगर मुद्दे उठेंगे, तो एक अमेरिकी कंपनी से गोवा तथा असम में रिश्वत लेने में कांग्रेस की संलिप्तता, केरल में एलआईसी घोटाला तथा भोपाल गैस त्रासदी का आरोपी वारेन एंडरसन तथा बोफोर्स आरोपी ओत्तावियो क्वात्रोची कैसे भारत से फरार हुआ, इसपर भी चर्चा होगी।
प्रसाद ने यह टिप्पणी राज्यसभा में मानसून सत्र की कार्यवाही के पहले दिन कांग्रेस द्वारा ललित मोदी मुद्दे पर चर्चा तथा बाद में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के इस्तीफे की मांग करने पर की। विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कई बार बाधित होने के बाद की।
dharmpath.com dharmpath