बदायूं पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश ने सोमवार को बताया कि बीती 15/16 अक्टूबर की रात में थाना कादरचौक क्षेत्रांतर्गत ग्राम लभारी में उमेश गुप्ता के घर 10-12 डकैतों ने हमला किया था और लाखों के जेवरात व तीन लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे। इस मामले में कादरचौक थाने पर मामला दर्ज कर पुलिस घटना के अनावरण के प्रयास में जुटी थी।
उन्होंने बताया, “सोमवार को कादरचौक थाने की पुलिस ने सूचना के आधार पर धनपुरा के जंगल से मुठभेड़ के बाद पांच डकैतों वेदराम, मानसिंह, दिनेश, ओमवीर और उदयपाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से उमेश गुप्ता के घर पड़ी डकैती के दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 86,000 रुपये बरामद किए गए।”
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूछताछ पर अभियुक्तों ने भी उमेश गुप्ता के घर डकैती डालने की बात स्वीकार की।
dharmpath.com dharmpath