उन्होंने मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि उप्र ने अच्छे दिन के लालच में भाजपा को 73 सांसद दिए, लेकिन उनके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ भी नहीं किया। देश में ढाई वर्ष में अच्छे दिन नहीं आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना एक दिखावा है।
बड़ौत में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) द्वारा आयोजित ‘किसान-मजदूर स्वाभिमान महारैली’ में आए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उप्र का हाल इस समय बेहद बुरा है। यहां के लोगों ने भाजपा को लोकसभा चुनाव में 73 सीट दे दी है। लेकिन, फिर भी प्रदेश बेहाल है।
उन्होंने कहा कि अब भी मौका है, उप्र में नई कहानी लिखी जा सकती है। सपा पर हमला बोलते हुए नीतीश ने कहा, “प्रदेश की सरकार ने तो मुझे लखनऊ में सभा करने से भी रोका था, मुझे लखनऊ के वीवीआइपी गेस्ट हाउस में बैठाए रखा। इसके बाद तीन बजे सभा करने की मंजूरी दी गई।”
उन्होंने कहा कि शराबबंदी से बिहार में बदलाव आया है। यह बदलाव उप्र में भी हो सकता है।
उन्होंने रैली के मंच से महामोर्चे का ऐलान किया और रालोद महासचिव तथा पूर्व सांसद जयंत चौधरी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताते हुए उनकी तारीफ की। इससे पहले उन्होंने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।
dharmpath.com dharmpath