लखनऊ , 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में रविवार सुबह से ही आंशिक तौर पर बदली का असर दिखाई दे रहा है, जिससे गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार दिन में आंशिक तौर पर बदली का असर दिखाई देगा। दिन में हल्की ठंड हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है। लखनऊ व आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त रविवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री, कानपुर का 19.3 डिग्री, गोरखपुर का 21 डिग्री, इलाहाबाद का 20.1 डिग्री और झांसी का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath