लखनऊ, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार देर रात से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान और बारिश होने के आसार जताए हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, बारिश की वजह से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
लखनऊ और आसपास के इलाकों में देर रात तक बूंदाबांदी का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार दो दिसम्बर को भी प्रदेश में ऐसे ही मौसम रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा बुधवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, कानपुर का 11.2 डिग्री, गोरखपुर का 12.2 डिग्री, झांसी का 12.5 डिग्री, इलाहाबाद का 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फैजाबाद कृषि विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त मौसम व कृषि वैज्ञानिक प्रो.पद्माकर त्रिपाठी का कहना है कि अभी शुरुआती दौर में तो यह बारिश रबी की बोई जा रही फसलों- गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों और जौ आदि के लिए फायदेमंद है, लेकिन अगर पश्चिमी विक्षोभ का यह सिलसिला बढ़ा तो पिछले साल की ही तरह प्रदेश में इन फसलों पर आगे भी संकट आ सकता है।
dharmpath.com dharmpath