बिहार के मुंगेर जिले के हमजापुर थाने से आए एसआई शंभू कुमार पासवान और मुकेश कुमार ने बताया कि 27 दिसंबर को बिहार से दो युवतियों को शादी का झांसा देकर लाया गया। यहां एक महिला ने एक व्यक्ति की मदद से दोनों युवतियों को 40-40 हजार रुपये में बेच दिया।
एक युवती को खरीदने वाले लवकुश नगर निवासी एक व्यक्ति ने यह जानकारी युवती के रिश्तेदारों को दी। रिश्तेदारों ने पूरे प्रकरण से पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद बिहार पुलिस की टीम कासगंज आई।
एसआई शंभू ने बताया कि युवतियों को स्थान बदल-बदल कर और नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करके रखा गया। एक युवती को खरीदने वाले व्यक्ति ने हालांकि पुलिस की मदद की। उसने युवतियों को बेचने वाले आरोपी तक भी पुलिस को पहुंचाया।
आरोपी को कासगंज कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि युवतियों को बेचने वाले गिरोह की सरगना एक महिला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस बाद में प्रयास करेगी।
एसआई शंभू ने बताया कि फिलहाल दूसरी युवती को बदायूं जनपद में बेचे जाने की खबर मिली है, इसलिए वह कोतवाली पुलिस के साथ ही आरोपी को साथ लेकर बदायूं क्षेत्र में गए हैं। शनिवार देर शाम तक उन्हें युवती को बरामद करने में सफलता नहीं मिल सकी थी।
dharmpath.com dharmpath