लखनऊ, 31 जनवरी (आईएएनएस)। जनता दल-युनाइटेड (जद-यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने यहां रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भी बिहार की तरह महागठबंधन बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने उपचुनाव में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के तीन उम्मीदवारों को समर्थन देने का ऐलान किया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे जदयू के वरिष्ठ नेता ने रविवार को पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातीचीत के दौरान ने कहा, “समाजवादी पार्टी से अब कोई बातचीत नहीं की जाएगी। सपा ने खुद ही बातचीत के दरवाजे बंद कर दिए हैं। बिहार में भी हमने कोशिश थी, लेकिन वह बेमानी साबित हुई।”
महागठबंधन में क्या बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को भी शामिल किया जाएगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समय से पहले का प्रश्न है। उस समय की परिस्थिति को देखकर फैसला लिया जाएगा।
शरद यादव लखनऊ में जद-यू की उत्तर प्रदेश इकाई की बैठक में शामिल होने आए हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। लोग परेशान हैं। महंगाई को नियंत्रित किया जाना चाहिए। विकास की रफ्तार थमी है और औद्योगिक विकास का ग्राफ भी गिर रहा है। केंद्र सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
शरद यादव ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश सरकार ने बुंदेलखंड के लिए कुछ नहीं किया है। बुंदेलखंड में हालात काफी बदतर हैं, वहां तीन वर्ष से बारिश नहीं हो रही है। केंद्र सरकार ने भी इस क्षेत्र के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं।
हैदराबाद में दलित शोधछात्र रोहित वेमुला की खुदकुशी पर अफसोस जताते हुए शरद यादव ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है।
dharmpath.com dharmpath