सपा ने अगले माह अपने चुनावी अभियान को शुरू करने का निर्णय लिया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि समाजवादी पार्टी अपने अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की विशाल जनसभा 7 अक्टूबर को उनके संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में आयोजित करने जा रही है। माना जा रहा है कि इसी के साथ सपा के चुनाव अभियान की जोरदार शुरुआत हो जाएगी।
दरअसल, आजमगढ़ मुलायम सिंह यादव का संसदीय क्षेत्र है और पूर्वाचल की राजनीति का गढ़ भी है। 7 अक्टूबर की सभा से पूर्वाचल में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ जाएगी।
पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों को बहुत अहमियत देते हैं। उनके मार्गदर्शन और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाया जा रहा है। पार्टी को विश्वास है कि अखिलेश यादव के नेतृत्व और राज्य सरकार की उपलब्धियों के फलस्वरूप प्रदेश में फिर समाजवादी सरकार बनेगी।
गौरतलब है कि मुलायम के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में विगत 28 अगस्त को बसपा प्रमुख मायावती की महा रैली हो चुकी है। माया ने आजमगढ़ में चुनावी रैली आयोजित कर पूर्वाचल के वोट बैंक को साधने का प्रयास किया है।
dharmpath.com dharmpath