लखनऊ, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में गुरुवार सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है जिससे तापमान में इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्घि होगी और गर्म हवाएं चलेंगी।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में तेज धूप निकलेगी और तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज किए जाने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किये जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 16 डिग्री सेल्सियस, गोरखपुर का 19.2 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath