भोपाल, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में भिंड जिले के अटेर तथा उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की मतगणना गुरुवार को हो रही है। अटेर में 21 और बांधवगढ़ में पांच उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अटेर की मतगणना भिंड स्थित शासकीय एम. जे. एस. महाविद्यालय तथा बांधवगढ़ की उमरिया स्थित शासकीय जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में हो रही है। यहां पहले डाक मत-पत्रों की गणना हुई और उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के वोटों की गिनती शुरू हो गई है। अटेर के वोटों की गणना 21 और बांधवगढ़ की 19 राउंड में होगी। मतगणना के लिए दोनों जिलों में 14-14 टेबल लगाए गए हैं।
भिंड और उमरिया में मतगणना के लिए 70-70 (140) कर्मचारी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक टेबल के लिए एक-एक माइक्रो आब्जर्वर, गणना-पर्यवेक्षक, गणना-सहायक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा बलों की भी भारी तैनाती है। चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक पूरे समय मतगणना-स्थल पर मौजूद रहेंगे।
अटेर में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के हेमंत कटारे और भाजपा के अरविंद भदौरिया के बीच है, जबकि बांधवगढ़ में भाजपा के शिवनारायण सिंह व कांग्रेस की सावित्री देवी के बीच है। दोनों ही स्थानों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था।
dharmpath.com dharmpath