लखनऊ, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अधिकांश जिलों में गुरुवार सुबह धुंध रही। राज्य में अगले दो दिनों के भीतर शीतलहर का असर बढ़ने की संभवना है, जिससे तापमान गिरेगा।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी। अगले दो दिनों के भीतर शीतलहर का असर और बढ़ेगा। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अलावा वाराणसी का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री, कानपुर का 4.2 डिग्री, गोरखपुर का 5.7 डिग्री, इलाहाबाद का 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे की वजह से उप्र में करीब आधा दर्जन रेलगाड़ियों के परिचानलन पर असर पड़ा है। कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं।
रेलवे के अधिकारी के मुताबिक, वाराणसी-लखनऊ एक्सप्रेस, छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस, गरीब रथ, श्रमजीवी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस सहित करीब आधा दर्जन रेलगाड़ियां अपने नियत समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं।
dharmpath.com dharmpath