लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री व दिवंगत कांग्रेस नेता राजीव गांधी के स्मृति दिवस पर शनिवार को राजभवन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘आतंकवाद विरोधी दिवस’ मनाया और आतंकवाद मिटाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मानव जाति के सभी वर्गो के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव कायम करने तथा मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली और विघटनकारी शक्तियों का विरोध करने की भी शपथ दिलाई गई।
शपथ से पहले राज्यपाल की प्रमुख सचिव जूथिका पाटणकर ने राज्यपाल राम नाईक का संदेश पढ़ा। नाईक इस समय प्रदेश से बाहर हैं।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है, “आतंकवाद हमारे देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के समक्ष एक बड़ी समस्या है। आतंकवाद किसी धर्म, व्यक्ति, समाज अथवा राष्ट्र विशेष के लिए ही नहीं अपितु पूरी मानव सभ्यता के लिए कलंक है। आतंकवाद के चलते पूरे विश्व में कई हजार परिवार प्रतिवर्ष प्रभावित होते हैं।”
नाईक ने कहा है, “हमें यह संकल्प भी लेना चाहिए कि आतंकवाद को हम किसी भी रूप में पनपने नहीं देंगे तथा एक ऐसे भयमुक्त, शांत एवं सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण करेंगे, जिससे हमारी आने वाली पीढ़ी को एक सुनहरा भविष्य मिल सके।”
राज्यपाल अवकाश बिताने के बाद रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे।
dharmpath.com dharmpath