Wednesday , 15 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » उप्र : राशन कार्ड पर उपलब्ध होगी अरहर दाल

उप्र : राशन कार्ड पर उपलब्ध होगी अरहर दाल

लखनऊ , 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जनता को अब राशन कार्ड पर सस्ती अरहर की दाल उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य की जनता को अरहर की दाल वाजिब दाम पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री बुधवार को यहां अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में दालों की कीमत से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के डिपो के माध्यम से भी सस्ती दाल उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने दालों, विशेष रूप से अरहर की दाल की कीमत में देशव्यापी अप्रत्याशित बढ़ोत्तरी पर चिंता जताते हुए कहा कि पूरे देश में खाद्यान्नों की कीमत को काबू में रखना केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश की जनता को राहत पहुंचाने के लिए अपने स्तर से जरूरी उपाय कर रही है।

उन्होंने जमाखोरों और मुनाफाखोरों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद दालों के लिए निर्धारित स्टॉक सीमा को 30 सितम्बर तक बढ़ाया गया था। इसके तहत फुटकर विक्रेता, थोक विक्रेता, कमीशन एजेंट निर्धारित मात्रा में स्टॉक रख सकते थे। बाद में केन्द्र सरकार द्वारा स्टॉक सीमा की अवधि को अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस संबंध में केंद्र सरकार को एक पत्र लिखकर यह अनुरोध किया जाए कि दालों की निर्धारित स्टॉक सीमा के लिए लंबे समय की अवधि तय की जानी चाहिए। लंबी अवधि के लिए स्टॉक सीमा के निर्धारण से उसका प्रभावी क्रियान्वयन कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि खाद्य एवं रसद विभाग तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी दालों की कीमतों पर नजर रखें। इसके लिए सघन अभियान चलाकर आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जमाखोरों और मुनाफाखोरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

उप्र : राशन कार्ड पर उपलब्ध होगी अरहर दाल Reviewed by on . लखनऊ , 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जनता को अब राशन कार्ड पर सस्ती अरहर की दाल उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य की जनता को अरहर की लखनऊ , 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जनता को अब राशन कार्ड पर सस्ती अरहर की दाल उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य की जनता को अरहर की Rating:
scroll to top