लखनऊ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने वाले बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह को पद से हटाते हुए उनसे राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी भी छीन ली।
बसपा की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि बसपा उपाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने पार्टी की सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय तथा धर्म निरपेक्ष व सर्व धर्म सम्मान की सोच के विपरीत जाकर एक राष्ट्रीय नेता के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी की है।
बयान के मुताबिक, उन्हें तत्काल बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से हटाया जाता है। बसपा ने उनकी टिप्पणी को उनकी निजी सोच की उपज बताते हुए उस बयान से किनारा कर लिया है।
गौरतलब है कि जय प्रकाश सिंह ने राजधानी लखनऊ में सोमवार को आयोजित बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा था, “बच्चा या तो मां पर जाता है या बाप पर। राहुल पिता की जगह मां पर गए। पिता देश के थे। उन पर जाते तो भला हो सकता था। मां विदेशी महिला हैं, वह कभी सफल नहीं हो सकते। प्रधानमंत्री पद की एक मात्र विकल्प मायावती हैं।”
dharmpath.com dharmpath