कुशीनगर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव से सात दिन से गायब नाबालिग छात्रा का शव पुलिस ने शनिवार को बड़ी गंडक नहर से बरामद किया। एसपी ने लापरवाही बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है। परिजनों को आशंका है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा कोइलहवा गांव से 21 जुलाई को रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। वह सुबह खुले में शौच के लिए घर निकली थी, उसके बाद घर नहीं लौटी। शनिवार को उसका अर्धनग्न शव गांव के पास बड़ी गंडक नहर से बरामद हुआ है।
लड़की के शव में कई चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और गुमशुदगी की सूचना न दर्ज करने और लापरवाही बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह तक वे थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने गुमशुदगी तक दर्ज करना जरूरी नहीं समझा। परिजनों ने आशंका जताई कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद लड़की की हत्या कर शव नहर में फेंका गया है।
dharmpath.com dharmpath