लखनऊ, 10 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहे मुरादाबाद के बिलारी से विधायक हाजी इरफान की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि विधायक और उनके अंगरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरेली भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह बिलारी से सपा विधायक हाजी इरफान अपने बेटे फहीम के साथ एक फॉरचूनर गाड़ी यूपी-21 बीए 1011 से शिवपाल के बेटे आदित्य की शादी में शामिल होने के लिए सैफई जा रहे थे।
मुजरिया के पास गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी पलट गई। हादसे में विधायक और उनके बेटे समेत चालक फरजान, अंगरक्षक ताहिर और कार्यकर्ता सौरभ यादव, अमित यादव, राहुल जैन, कुंवरपाल घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, यहां डाक्टरों ने चालक फरजान और कुंवरपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विधायक समेत सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरेली भेज दिया।
हादसे के बाद बदायूं एसएसपी सौमित्र यादव समेत कई प्रशासनिक अफसर भी मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टायर पंक्चर होने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इसी कारण हादसा हुआ। कई पलटें खाने के बाद गाड़ी शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
dharmpath.com dharmpath