लखनऊ, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित विधायक रामपाल यादव ने बुधवार को राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात कर सपा सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
राजभवन सूत्रों के मुताबिक, एक घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने ऊपर हुई राज्य सरकार की कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया।
सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने राज्यपाल को जानकारी दी कि लखनऊ में 22 हजार मकान बगैर नक्शा पास कराए बने हैं, इन्हें चिह्न्ति किया जा चुका है, लेकिन किसी के खिलाफ सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। उनकी बेटी का मकान नियम विरुद्ध तरीके से लखनऊ में गिरा दिया गया। सरकार ने सीतापुर में उनके जिस होटल को गिराया है, उसे तोड़ने के खिलाफ उच्च न्यायालय से स्थगन था।
उन्होंने राज्यपाल को बताया कि उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अपने बेटे का समर्थन किया, जिससे सपा सरकार नाराज हो गई।
सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने उन्हें कानूनी राय लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
dharmpath.com dharmpath