उप्र : शादी में जा रहे सपा विधायक का हादसे में निधन (लीड-1)

बरेली, 10 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव की शादी में शामिल होने जा रहे मुरादाबाद के बिलारी विधानसभा से विधायक हाजी इरफान का गुरुवार को सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसे के बाद उन्हें बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया।

इस हादसे में चालक समेत दो लोगों की पहले ही मौत हो गई थी, जबकि विधायक और उनके अंगरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए थे। गंभीर हालत के चलते उन्हें बरेली भेज दिया गया था।

बरेली के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्घार्थ वर्मा ने बताया कि हादसे के बाद उन्हें बरेली भेज दिया गया था, लेकिन यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह बिलारी से सपा विधायक हाजी इरफान अपने बेटे फहीम के साथ फॉरचूनर गाड़ी यूपी-21 बीए 1011 से शिवपाल सिंह के बेटे आदित्य की शादी में शामिल होने के लिए सैफई जा रहे थे।

बदायूं जिले के मुजरिया के पास गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी पलट गई। हादसे में विधायक और उनके बेटे समेत चालक फरजान, अंगरक्षक ताहिर और कार्यकर्ता सौरभ यादव, अमित यादव, राहुल जैन, कुंवरपाल घायल हो गए।

घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक फरजान और कुंवरपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विधायक समेत सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बरेली भेज दिया।

हादसे के बाद बदायूं एसएसपी सौमित्र यादव समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टायर पंक्चर होने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। इसी कारण हादसा हुआ। कई पलटें खाने के बाद गाड़ी शीशम के पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493