मौदहा क्षेत्र में नगर के पूर्वी तरौस निवासी सुनील कुमार यादव (37) पुत्र सुरेंद्र कुमार यादव खंड विकास क्षेत्र मौदहा के ग्राम मदारपुर डेरा के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। सुबह उसकी ससुराल ग्राम लदार में बैलगाड़ी में शव लटकता मिला।
कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। मृतक तीन भाइयों व एक बहन में सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे एक मासूम पुत्र व पुत्री, पत्नी समेत परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
सुनील के छोटे भाई प्रदीप की बारात फतपुरवा (बांदा) गई थी। इसके बाद प्रदीप पत्नी को विदा करा अपने घर लाया था। उसके घर में खुशी का माहौल था जो इस घटना की सूचना मिलने पर पल भर में काफूर हो गया।
सुनील का विवाह थाना क्षेत्र बिंवार के ग्राम लदार में कुंअर सिंह की पुत्री सुनीता से हुआ था। सुनील व सुनीता प्रदीप की शादी में शामिल नहीं हुए थे।
भाई की शादी में शामिल न होकर पति-पत्नी का लदार में होना लोगों की समझ से परे है। वहीं इस घटना को लेकर मृतक के परिवारी जन उसके बीमार व परेशान रहने की बात कह रहे हैं। सुनील के अंगोछे से बैलगाड़ी में फांसी लगा लेने की बात लोगों के गले नहीं उतर रही है।
dharmpath.com dharmpath