लखनऊ/इलाहाबाद, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को फिर केंद्र और पानी रोके जाने को लेकर मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के किसानों की जरा भी मदद नहीं कर रही है, जबकि उत्तर प्रदेश से पार्टी के सबसे अधिक सांसद हैं। यहीं से प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षा मंत्री भी हैं।
इलाहाबाद और मिर्जापुर का दौरा करने के क्रम में शिवपाल ने एक बांध का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बेमौसम की बारिश से बर्बाद हुए प्रदेश के किसानों को मुआवजा देने में कोई मदद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक किसानों को जितनी भी मदद दी गई है, उसका इंतजाम राज्य सरकार ने अपने संसाधन से किया है।
हंडिया के शाहीपुर पहुंचे शिवपाल सिंह ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को देश के लिए ‘अशुभ’ बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। उन्हें सिर्फ विदेश घूमने की चिंता है। केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश सरकार को नीचा दिखाने के एजेंडे पर काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि आम जनमानस मोदी की हकीकत समझ चुका है।, प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। उपचुनाव की 12 सीटों में से 11 पर सपा की जीत अखिलेश सरकार के कार्यो पर जनता की मुहर है। सूबे में अब तक सबसे ज्यादा विकास का काम समाजवादी पार्टी के शासन काल में ही हुआ है।
मिर्जापुर में उन्होंने कहा, “मध्यप्रदेश सरकार ने बाण सागर परियोजना का उत्तर प्रदेश के हिस्से का पानी रोक दिया है। इसके खिलाफ यूपी सरकार कोर्ट में जाएगी। जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे पर आंदोलन भी किया जाएगा।”
मंत्री ने कहा कि पानी के मुद्दे पर केंद्र सरकार का रवैया भी भेदभाव वाला है। मध्यप्रदेश से ही केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती भी आती हैं, वह इस समय उत्तर प्रदेश के झांसी से सांसद हैं, लेकिन पानी रोके जाने पर उनकी भी चुप्पी नहीं टूट रही है।
शिवपाल ने कहा कि मिर्जापुर के सभी 12 डैम सिल्ट से भर गए हैं और उनकी सफाई के लिए आज ही अधिकारियों को निर्देश दे दिए जाएंगे। सफाई के बाद इन जलाशयों में पानी भरा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath