मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल टेनिस खिलाड़ी भारत की सानिया मिर्जा पशु अधिकार के लिए काम करने वाले वैश्विक संगठन पेटा के नए विज्ञापन में पेटा के अभियान का समर्थन करती नजर आएंगी।
सानिया इस विज्ञापन में गोद ली गई अपनी बिल्ली ‘पोश’ के साथ दिखेंगी और बेघर कुत्ते और बिल्लियों को गोद लेने के लिए जागरूकता फैलाएंगी।
पेटा की ओर से जारी एक वक्तव्य में सानिया ने कहा, “काफी संख्या में पशु, खासकर कुत्ते वाहनों की चपेट में आ जाते हैं और कई-कई दिनों तक उनकी लाश वहीं पड़ी रहती है। इसी वजह से हमें उन्हें बचाने की जरूरत है या खरीदने की बजाय किसी बेघर पशु को गोद लेना चाहिए।”
सानिया ने कहा, “इंसानों के प्रति ही नहीं, पशुओं के प्रति भी हमेशा दया भाव रखें।”
यह विज्ञापन पेटा के इस अभियान का अहम हिस्सा होगा और इसे प्रख्यात फोटोग्राफर वाईएसएन मूर्ति ने शूट किया है।
विज्ञापन के लिए सानिया का हेयरस्टाइल और मेकअप तमन्ना रूज ने किया जबकि कपड़े ऐशा अमीन ने डिजाइन किए।
पेटा ने वक्तव्य में कहा है कि सानिया इस विज्ञापन के जरिए लोगों को बताना चाहती हैं कि वे बेघर कुत्ते और बिल्लियों के जीवन में खुशियां ला सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath