उप्र : शिवपाल यादव ने सुनी जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश

लखनऊ , 22 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण एवं राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश के समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनता की शिकायतों की तत्काल जांच करके उनका समाधान अतिशीघ्र किया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि शिकायतों की जांच व इनके समाधान के नाम पर प्रदेश की जनता को परेशान व गुमराह न किया जाए।

शिवपाल यादव बुधवार को राजधानी के कालिदास मार्ग स्थित जनसुनवाई भवन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।

इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन कार्यालय में एक निश्चित समय पर बैठें एवं जनता की शिकायतों को गम्भीरता से सुनकर उसके समाधान के निर्देश सम्बंधित अधिकारी को दें।

यादव ने कहा कि जनता को गुमराह करने एवं टालने वाले अधिकारी सावधान हो जाएं।

वरिष्ठ मंत्री ने जनसुनवाई भवन में जनता की शिकायतों को गम्भीरता से सुना तथा उन्हें आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार जन-समस्याओं के निराकरण के लिए गम्भीर है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।

शिवपाल सिंह यादव आज गोरखपुर भी गये थे। वहां उन्होंने निर्देश दिये कि ओलावृष्टि व अतिवृष्टि से कृषकों की क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवज़ा चेक किसी भी स्थिति में बाउंस नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी काश्तकार का चेक बाउंस हुआ तो सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्घ कार्रवाई निश्चित है।

मंत्री ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि बंधों की मरम्मत एवं बाढ़ बचाव से संबंधित सम्पूर्ण कार्य 15 जून तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कर लिए जायें, किसी भी स्थिति में कार्य अवशेष नहीं होने चाहिए अन्यथा संबंधित अभियन्ता की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाएगी, प्रदेश सरकार इसके लिए गम्भीर है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समय से कार्य को पूरा किया जाये वरना संबंधित अभियंता के विरूद्घ कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493