बांदा, 24 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा के जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में देशी बम पाए जाने के बाद यहां पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में बीती रात के बाद शहर के दो मुहल्लों में करीब 500 घरों में गहन तलाशी अभियान शुरू किया और कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस अधीक्षक के प्रवक्ता की हैसियत से नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया, “अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल की अगुआई में सोमवार आधी रात के बाद बांदा शहर के कांशीराम कॉलोनी और निम्नीपार मुहल्ले को चारों तरफ से घेर कर संदिग्धों की तलाश में करीब 500 घरों में गहन छापेमारी की गई है।”
उन्होंने कहा, “इस छापेमारी के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में कुछ महिलाएं भी ली गई हैं, जिनपर अपराधियों को संरक्षण देने के कथित आरोप हैं।”
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में देशी बम पाए जाने के बाद पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। हालांकि सीओ सिंह का कहना है, “यह नियमित तलाशी अभियान था, देशी बम बरामदगी की घटना से जोड़कर इसे नहीं देखा जाना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath