आजमगढ़, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़-गोरखपुर राजमार्ग में सोमवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में चार नेपाली नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रजादेपुर गांव के पास सोमवार की तड़के किसी अज्ञात वाहन ने नेपाली नागरिकों से भरी कार को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत घटनास्थल में ही हो गई और चार चालक व दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतकों की पहचान नेपाल के सिधुली जिले के नवीन कुमार श्रेष्ठ, उसकी पत्नी कंजली व छोटा भाई और पिता गोरख श्रेष्ठ के रूप में हुई है। नवीन अपने परिवार के साथ गोरखपुर की एक ट्रैवल एजेंसी की कार बुक कर गोरखपुर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं और कार चालक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath