थाना रक्सा अंतर्गत ग्राम सिमरा निवासी 42 वर्षीय लखन पुत्र नृपत सिंह अपनी स्कूटी की सर्विस कराने के झांसी आ रहा था। लखन के साथ गांव का ही रहने वाला अतर सिंह पुत्र स्व. रघुवर सिंह भी झांसी आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में करौंदी माता मंदिर के नजदीक अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिस कारण अतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, लखन की हालत गंभीर होने के कारण राहगीरों की मदद से उसे उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम बरमपुरा निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र पुत्र श्याम लाल की ससुराल पूंछ में थी। वह 26 वर्षीय अपने बड़े भाई बलवीर के साथ पूंछ गया था। जहां वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोंनों गिरकर घायल हो गए।
दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने देवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि बलवीर की हालत गंभीर बताई गई।
इसी क्रम में चिरगांव थाना क्षेत्र के नंदसिया निवासी 45 वर्षीय हरगोविंद पुत्र नाथुराम वर्मा काम कर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
dharmpath.com dharmpath