उप्र : सपा उम्मीदवार अरिदमन व पक्षालिका ने थामा भाजपा का दामन

लखनऊ /नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) में छिड़े संग्राम के बीच अब उनके घोषित उम्मीदवारों ने भी दूसरे दलों में अपना ठिकाना ढूंढना शुरू कर दिया है। सपा विधायक अरिदमन सिंह व रानी पक्षालिका सिंह ने शनिवार को भाजपा की सदस्ता ग्रहण कर ली।

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष केशव मौर्य ने दिल्ली में अरिदमन सिंह व रानी पक्षालिका सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

उल्लेखनीय है कि मुलायम खेमे से अरिदमन सिंह को आगरा की बाह सीट से प्रत्याशी भी बनाया गया था। इतना ही नहीं इनका नाम अखिलेश यादव द्वारा जारी की गई लिस्ट में भी था। इसके बावजूद अरिदमन सिंह ने दोनों को गच्चा देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया।

अरिदमन सिंह के अलावा जिला कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष व खैरागढ़ विधानसभा से सपा की उम्मीदवार रानी पक्षालिका सिंह ने भी सपा का साथ छोड़ दिया।

इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक प्रधान ने भी अखिलेश और मुलायम के बीच चल रही कलह की वजह से समाजवादी पार्टी को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।

मौर्य ने इस अवसर पर कहा, “अपराध की संवाहक और अपराधियों की संरक्षक सपा के मुखिया अखिलेश यादव का तिलस्म टूट चुका है। संरक्षित अपराधी एवं माफियाओं द्वारा पांच सालों में अवैध खनन, महिला अपराध और सरेआम अराजकता का असली सपाई चेहरा जनता भूली नहीं है। आने वाली भाजपा सरकार अराजकता और अपराध के खात्मे के लिए जानी जाएगी।”

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रामशंकर कठेरिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह तथा प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493