पुलिस के अनुसार, सहतवार बाजार में अशोक डेंटिंग-पेंटिंग सेंटर के नाम से एक दुकान संचालित है। दुकान पर ऑटो का काम कराने के लिए बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवरा निवासी मनोज राजभर (35) अपने गांव के ही मंगरू राजभर (32) के साथ दुकान पर पहुंचे थे। दुकान पर ऑटो के मरम्मत का काम चल रहा था, तभी तेज धमाके के साथ दुकान का सिलेंडर फट गया, जिसकी चपेट में आने से मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, मंगरू के अलावा दुकान में बैठे बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के छोटकी सेरिया निवासी भुलन चौहान (29) व सहतवार थाना क्षेत्र के मुड़ाडीह निवासी रामचंद्र राजभर (40) का अंग-भंग हो गया।
सिलेंडर के परखचे से भुलन चौहान का एक पैर कटकर कुछ दूर जा गिरा, जबकि रामचंद्र की ठुड्डी ही उड़ गई। मंगरू के शरीर का भी कई अंग क्षत-विक्षत हो गया। धमाके की वजह से आस-पास के लोगों सहित पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची।
घायलों की हालत देखकर वहां मौजूद सभी लोगों के रोंगटे खटे हो गए। आनन-फानन में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मनोज के शव को कब्जे में ले लिया।
dharmpath.com dharmpath