मुंबई में अरब सागर में डूबने से 14 विद्यार्थियों की मौत (लीड-2)

रायगढ़ (महाराष्ट्र), 1 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुद में अरब सागर में डूबने से पुणे के एक कॉलेज के कम से कम 14 विद्यार्थियों की मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि 10-12 विद्यार्थी अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

यह इलाका मुंबई से लगभग 150 किलोमीटर की दूरी पर है।

व्यापक तौर पर बचाव अभियान के लिए पुलिस के गोताखोरों के अलावा, भारतीय नौसेना तथा भारतीय तट रक्षक ने एक चेतक हेलीकॉप्टर व एक स्पीड बोट तैनात किया है।

मृतकों में कम से कम चार छात्राएं हैं। चार छात्राओं को सफलतापूर्वक बचा लिया गया, जबकि छह अन्य को अस्पताल ले जाया गया है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

पुलिस अधीक्षक सुवेज हक ने कहा कि डूबने वाले विद्यार्थी महाराष्ट्र कोस्मोपॉलिटन एजुकेशन सोसायटी (एमसीईएस) के अबेदा इनामदार कॉलेज के 130 से अधिक विद्यार्थियों के एक समूह का हिस्सा थे और मुरुद समुद्र तट पर पिकनिक मनाने आए थे।

एमसीईएस के अध्यक्ष पी.ए. इनामदार ने आईएएनएस से कहा कि बीएससी (कंप्यूटर साइंस) तथा बीसीए के प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय वर्ष के 130 से अधिक विद्यार्थी कॉलेज प्रायोजित एक पिकनिक पर गए थे। पांच कर्मचारी और अन्य कर्मचारी भी उनके साथ थे।

इनामदार ने कहा, “इस त्रासदी से हम हतप्रभ हैं। हम स्थानीय ग्रामीणों व पुलिस की मदद से विद्यार्थियों व उनके परिजनों की मदद का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। आगे की सहायता के लिए हमारे ट्रस्टियों का एक दल पहले ही पुणे से रायगढ़ के लिए रवाना हो चुका है।”

उन्होंने कहा कि पीड़ितों की पहचान व उनके परिजनों को सूचना देने का काम जारी है।

उपलब्ध सूचनाओं के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ विद्यार्थियों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों व रायगढ़ पुलिस द्वारा नजदीकी पुलिस थाने की मदद से व्यापक तौर पर राहत अभियान चलाया जा रहा है। राहत कार्य में भारतीय नौसेना व तट रक्षक भी हिस्सा ले रहे हैं।

इसी बीच, घटना स्थल पर हजारों पर्यटक व स्थानीय लोग जमा हो गए हैं। वहीं पीड़ितों के परिजन कॉलेज परिसर या मुरुद के लिए रवाना हो चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493