उप्र हाईवे सामूहिक दुष्कर्म की न्यायिक जांच हो : भाकपा

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। भाकपा ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिख कर ग्रेटर नोएडा में चार महिलाओं के साथ पिछले महीने हुए सामूहिक दुष्कर्म की न्यायिक जांच कराने और दो शीर्ष अधिकारियों को हटाने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि 25 मई को जेवर-बुलंदशहर राजमार्ग पर यह घटना उस समय हुई, जब ग्रेटर नोएडा निवासी एक परिवार के आठ सदस्यों को उस समय रोक लिया गया, जब वे एक बीमार रिश्तेदार को देखने बुलंदशहर की ओर जा रहे थे।

विरोध करने पर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने उसके बाद उसकी पत्नी, बहन, भाभी और मां के साथ दुष्कर्म शुरू किया। पीड़ितों के सामान भी लूट लिए गए।

योगी आदित्यनाथ द्वारा पीड़ितों को न्याय का भरोसा दिलाने और पुलिस को जांच में तेजी लाने का आदेश देने के एक दिन बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भाकपा के सचिव के. नारायण ने मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी लव कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ए.भार्गव को हटाना आवश्यक है।

नारायण ने कहा, “इस भयानक घटना के बाद एसएसपी और सीएमओ ने एक संवाददाता सम्मेलन कर इस बात का खंडन किया कि महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया था। जांच को बिगाड़ने के उनके इरादे का यह एक स्पष्ट सबूत है।”

कुमार और भार्गव ने 26 मई को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्राथमिक चिकित्सा परीक्षण रपट का जिक्र करते हुए दुष्कर्म के आरोपों को खारिज कर दिया था।

नारायण ने कहा, “यदि कथित अधिकारियों को बने रहने दिया गया तो न्याय नहीं हो पाएगा। इसलिए मैं आप से अनुरोध करता हूं कि कथित अधिकारियों को निलंबित कीजिए और अविलंब मामले की न्यायिक जांच के आदेश दीजिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493