उप्र : 14 खेल हस्तियों को यश भारती सम्मान

लखनऊ, 9 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को खेल के क्षेत्र में सूबे का नाम रोशन करने वाली 14 हस्तियों को यश भारती सम्मान से विभूषित किया।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कुल 56 शख्सियतों को यश भारती सम्मान से सम्मानित किया, जिनमें 14 खेलों से जुड़े हैं। पुरस्कृत लोगों को सम्मान स्वरूप 11-11 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

सम्मान समारोह का आयोजन राजधानी के गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया पार्क में किया गया। इस अवसर पर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अलावा मंत्री शिवपाल सिंह यादव और महिला कल्याण एवं संस्कृति राज्य मंत्री अरुण कुमारी कोरी भी उपस्थित रहे।

वर्ष 2014-15 में जिन चार खेल हस्तियों को यशभारती से सम्मानित किया गया, उनमें राजकुमार (कुश्ती), डॉ. आर.पी. सिंह (खेल), अवनीश कुमार यादव (खेल), अल्का तोमर (महिला कुश्ती), पूनम यादव (भारोत्तोलन) शामिल हैं।

वर्ष 2013-14 के लिए यश भारती से सम्मानित की गई 22 हस्तियों में से नौ खेलों से हैं। ये हस्तियां हैं-अशोक कुमार सिंह (हॉकी), लाल बचन यादव (कुश्ती), मुनव्वर अंजार (जूडो), धर्मेद्र यादव (मुक्केबाजी), भगत सिंह (कुश्ती), विजय पाल यादव (कुश्ती), राजेश कुमार यादव (नौकायन), अभिषेक यादव (मार्शल-आर्ट), तथा श्वेता प्रियदर्शनी (शतरंज) शामिल हैं।

यश भारती सम्मान की शुरुआत वर्ष 1994 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने की थी। इस सम्मान का मकसद ऐसी हस्तियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने देश-विदेश में प्रदेश का नाम रोशन किया हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493