उप्र : 1,400 ट्रक राहत सामग्री नेपाल भेजी गई

लखनऊ , 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर नेपाल भूकंप पीड़ितों को राहत पहुंचाने के प्रयासों में राज्य सरकार ने तेजी लाई है। राज्य सरकार की ओर से अब तक 1,400 ट्रक राहत सामग्री नेपाल भेजी जा चुकी है। यह जानकारी राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान में दी गई।

राज्य सरकार द्वारा आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने वाले विभागों को हाई एलर्ट पर रहने, राहत शिविरों के गठन, संचालन एवं प्रबंधन तथा इच्छुक संस्थाओं व व्यक्तियों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री एवं आर्थिक सहायता तत्काल नेपाल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

बयान में बताया गया कि भूकंप पीड़ितों की जरूरतों के मुताबिक टेंट, गद्दे, तिरपाल, कंबल, पानी शुद्घिकरण की दवाइयां, स्वच्छता किट, बर्तन आदि राहत सामग्री के रूप में नेपाल भेजे जा रहे हैं। अब तक सोनौली इंडो-नेपाल बार्डर के रास्ते कुल 1,401 ट्रक राहत सामग्री के साथ नेपाल जा चुके हैं।

बयान के मुताबिक, राहत सामग्री में 616 ट्रकों में खाद्य सामग्री (चावल, दाल, आटा, आलू, प्याज, नमक इत्यादि), 247 ट्रकों में बिस्कुट एवं अन्य ड्राई फूड, 104 ट्रकों में मिनरल वाटर, 12 ट्रकों में अन्य खाद्य सामग्रियां, 48 ट्रकों में दवाइयां व चिकित्सीय सामग्री, 250 ट्रकों में कंबल, तिरपाल, टेंट, 23 ट्रकों में बर्तन, 10 ट्रकों में गद्दे, 7 ट्रकों में कपड़े और 84 ट्रकों में ट्रांसफॉर्मर, इलेक्ट्रिकल उपकरण शामिल हैं।

इसके साथ ही, 66,829 कंबल, 57,967 तिरपाल, प्लास्टिक शीट्स, 8,583 तौलिए, 18,328 चटाइयां, 5,431 टार्च तथा 3,600 सोलर लालटेनें भी सहायता सामग्री के रूप में नेपाल भेजी गई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493