गोंडा, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार को किसी अनजान व्यक्ति ने जिलाधिकारी को फोन कर चार जगहों पर बम विस्फोट की धमकी दी। पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
गोंडा जिले के जिलाधिकारी को किसी अनजान व्यक्ति ने फोन कर चार जगहों पर बम विस्फोट होने की धमकी दी। उसने फोन कर कहा, “बताना मेरा फर्ज था, आप जानिए आपका काम जाने।”
गोंडा के जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि उनके सीयूजी नंबर पर रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे किसी अनजान इंसान का फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने जिले में चार जगहों पर सुबह 11 और दोपहर 1 बजे बम विस्फोट होने की बात कही।
उन्होंने बताया कि फोन आने के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस ने संदिग्ध जगहों के साथ बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वायड के साथ तलाशी भी ली। भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहत की बात है कि फोन पर बताए गए समय पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। फिर भी इस कॉल की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
dharmpath.com dharmpath