उप्र : 8 मंत्रियों की छुट्टी, युवा चेहरे आने के आसार (लीड-1)

लखनऊ , 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को सख्त कद उठाते हुए अपने आठ मंत्रियों को बर्खास्त किया और नौ मंत्रियों से उनके विभाग छीन लिए। उनका मंत्रिमंडल शनिवार को नया शक्ल लेगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) के सूत्रों की मानें तो अखिलेश के मंत्रिमंडल में अब नए युवा चेहरों के साथ ही कुछ भरोसेमंद राज्यमंत्रियों को तरक्की दी जा सकती है।

सपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर अखिलेश यादव की कैबिनेट में फेरबदल कर सकती है, कुछ नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। संभावित नए चेहरों में एमएलसी एसआरएस यादव, वरिष्ठ नेता अशोक वाजपेयी, सुनील यादव (साजन), गजाला लारी और शादाब फातिमा के नाम शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल में नए चेहरों के साथ ही मुख्यमंत्री के कुछ भरोसेमंद राज्यमंत्रियों को भी तरक्की मिल सकती है। इनमें अरविंद सिंह गोप, नितिन अग्रवाल, यासर अली शाह, अभिषेक मिश्रा को महत्वपूर्ण पद मिलने की उम्मीद है।

सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बीते सोमवार को अपने निवास पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के साथ इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया था।

इससे पूर्व राजभवन से जारी एक बयान के अनुसार, राज्यपाल राम नाईक ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्ताव पर राजा महेंद्र अरिदमन सिंह मंत्री स्टाम्प तथा न्याय शुल्क पंजीयन व नागरिक सुरक्षा, अम्बिका चौधरी मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं विकलांग कल्याण, शिव कुमार बेरिया मंत्री वस्त्र उद्योग एवं रेशम उद्योग, नारद राय मंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग, शिवाकांत ओझा मंत्री प्राविधिक शिक्षा, आलोक कुमार शाक्य राज्यमंत्री प्राविधिक शिक्षा, योगेश प्रताप सिंह ‘योगेश भइया’ राज्यमंत्री बेसिक शिक्षा, भगवत शरण गंगवार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया।

राज्यपाल ने पदमुक्त किए गए मंत्रियों के विभागों का अतिरिक्त कार्य प्रभार फिलहाल मुख्यमंत्री को सौंप दिया है।

इसके अलावा नाईक ने मुख्यमंत्री के दूसरे प्रस्ताव पर अहमद हसन मंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण, अवधेश प्रसाद मंत्री समाज कल्याण अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण सैनिक कल्याण, पारसनाथ यादव मंत्री उद्यान खाद्य प्रसंस्करण, राम गोविंद चौधरी मंत्री बेसिक शिक्षा, दुर्गा प्रसाद यादव मंत्री परिवहन, ब्रह्म शंकर त्रिपाठी मंत्री होमगार्ड प्रांतीय रक्षक दल, रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया मंत्री, खाद्य एवं रसद, इकलाब महमूद मंत्री मत्स्य सार्वजनिक उद्यम, महबूब अली मंत्री माध्यमिक शिक्षा को हटाकर उनके विभागों का कार्य मुख्यमंत्री अखिलेश को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंप दिया है।

राज्यपाल नए मंत्रियों को 31 अक्टूबर को राजभवन में एक समारोह के दौरान पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493