उमा-शिवराज अरसे बाद दिखे साथ (फोटो सहित)

भोपाल, 20 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री उमा भारती अरसे बाद सोमवार को यहां एक मंच पर नजर आए। मौका था वीरांगना अवंती बाई बलिदान दिवस का। दोनों नेताओं ने माता मंदिर चौराहा स्थित अवंती बाई की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि रानी अवंती बाई महान वीरांगना थीं। उन्होंने देश की परतंत्रता की बेड़ियां काटने के लिए अपने रक्त की अंतिम बूंद न्योछावर कर दी थी। स्वतंत्रता के लिए सर्वस्व अर्पित कर दिया। वीरों का सम्मान देश व समाज का कर्तव्य है। वीर पूजे नहीं गए, तो वीरता बांझ हो जाएगी।

केंद्रीय मंत्री उमा ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा वह देश की राजधानी में स्थापित करवाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रानी अवंती बाई ने अंग्रेजों को युद्ध में परास्त किया था। उन्होंने एक वर्ष तक स्वतंत्र रूप से शासन भी किया था।

मुख्यमंत्री चौहान ने उमा भारती का सम्मान किया। इस अवसर पर सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विश्वास सारंग, विधायक प्रताप सिंह लोधी, खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष कोकसिंह नरवरिया एवं पूर्व विधायक भैय्या साहब लोधी व अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493